गोरखपुर.अंधविश्वास और पाखंड की आड़ में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपनी ही तीन साल की सौतेली बेटी की कथित तौर पर बलि दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, बच्ची के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया।
मामला पिपराइच थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया विजहरा का है। बताया जा रहा है कि त्रिवेणी मौर्य ने पहली पत्नी की मौत के बाद अपनी तीन साल की बेटी की देखभाल के लिए दूसरी शादी की थी। शादी को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था कि सौतेली मां ने मासूम को घर के देवस्थल में ले जाकर कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन धड़ से अलग कर दी। यह भी कहा जा रहा है कि वारदात से पहले महिला ने बच्ची को तेल और सिंदूर लगाकर तैयार किया था, मानो किसी धार्मिक अनुष्ठान की तैयारी हो।
घटना का खुलासा तब हुआ जब बाहर सो रहे पिता को घर के भीतर से आहट सुनाई दी। अंदर जाकर देखा तो मासूम का शव खून से लथपथ पड़ा था। पिता को देखते ही आरोपी महिला भागने की कोशिश करने लगी, लेकिन शोर मचने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। इस खौफनाक वारदात ने एक बार फिर अंधविश्वास और पाखंड के नाम पर होने वाले अपराधों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

