स्वतंत्र बने बंधक, मंत्री का काफिला रोके जाने पर अखिलेश की चुटकी, डबल इंजन के डिब्बों की टक्कर का तंज

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के महोबा में रामश्री महाविद्यालय के पास शुक्रवार को उस वक्त सियासी ड्रामा देखने को मिला, जब बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत उर्फ गुड्डू भैया ने योगी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रुकवा दिया। विधायक अपने समर्थकों के साथ मंत्री के रास्ते में खड़े हो गए, इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

इस पूरे घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुटकी लेते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि बीजेपी के डबल इंजन ही नहीं, अब डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के मंत्री और विधायक पैसे कमाने और जमीन कब्जाने में लगे हैं, जनता और विकास से उनका कोई लेना-देना नहीं है, इसलिए जनता के गुस्से से बचने के लिए अब ये एक-दूसरे पर ही आरोप लगा रहे हैं।

अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि अपनी ही सरकार के मंत्री को अपनी ही पार्टी के विधायक द्वारा रास्ते में रोकना इस बात का संकेत है कि बीजेपी के विधायक अगले चुनाव में हार से डरे हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह सिर्फ एक मामला नहीं है, बल्कि हर विधानसभा क्षेत्र में यही हालात हैं और आने वाले समय में बीजेपी को उम्मीदवार ढूंढने में भी मुश्किल होगी, उनका दावा है कि बीजेपी की सत्ता अब पटरी से उतर चुकी है।

बताया जा रहा है कि विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर नाराजगी जताते हुए मंत्री का काफिला रोका था। जल जीवन मिशन के तहत कई गांवों में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की गई, लेकिन बाद में मरम्मत ठीक से नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और इसी मुद्दे पर मंत्री का ध्यान खींचने के लिए यह कदम उठाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *