उज्जैन। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी क्रांति गौड़ विश्व प्रसिद्ध उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने अल सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन किए।
नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के किए दर्शन
क्रांति गौड़ ने नंदी हॉल में बैठकर पूरी भस्म आरती का दर्शन लाभ लिया और श्रद्धा के साथ बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया, इस दौरान मंदिर समिति की ओर से मध्य प्रदेश की इस खिलाड़ी का सम्मान भी किया गया।
महाकाल से मांगी जीत की कामना
भस्म आरती के बाद क्रांति गौड़ ने कहा कि जिस तरह भगवान महाकाल के आशीर्वाद से वर्ल्ड कप में जीत मिली, उसी तरह आगे भी हर मुकाबले में भारतीय महिला टीम की जीत होती रहे, यही कामना उन्होंने बाबा से की है।
वर्ल्ड कप से पहले की थी मन्नत
क्रांति गौड़ ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वर्ल्ड कप खेलने से पहले पूरी टीम महाकाल मंदिर आई थी और जीत की मन्नत मांगी थी, भगवान के आशीर्वाद से टीम ने वर्ल्ड कप जीता।
अब अलग-अलग आकर कर रहे धन्यवाद
उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी एक साथ आकर बाबा महाकाल को धन्यवाद देना चाहते थे, लेकिन व्यस्तताओं के कारण सभी खिलाड़ी अलग-अलग समय पर महाकाल की शरण में पहुंचकर अपना आभार व्यक्त कर रहे हैं।
नए साल पर भी महाकाल पहुंची थी महिला टीम
गौरतलब है कि इससे पहले नए साल के मौके पर भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कई खिलाड़ी बाबा महाकाल के दरबार में पहुंची थीं, जिनमें स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, अरुंधति रेड्डी, स्नेह राणा, राधा यादव और रेणुका सिंह ठाकुर समेत अन्य खिलाड़ी शामिल थीं।

