ICC T20 World Cup 2026 में टीम इंडिया ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। कोलकाता के Eden Gardens में खेले गए सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ ही भारत छठी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंच गया है।
मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। उनकी ओर से रोस्टन चेस ने 40 रन की पारी खेली, जबकि जेसन होल्डर 37 रन बनाकर नाबाद रहे। रोवमैन पॉवेल ने 34, शाई होप ने 32 और शिमरॉन हेटमायर ने 27 रन जोड़े। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके, जबकि वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या को 1-1 सफलता मिली।
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जल्दी आउट हो गए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन इसके बाद मैदान पर उतरे संजू सैमसन ने मैच का रुख ही बदल दिया। उन्होंने 50 गेंदों में नाबाद 97 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
संजू सैमसन ने आखिरी ओवर में चौका जड़कर भारत को यादगार जीत दिलाई। वेस्टइंडीज की ओर से होल्डर और जोसेफ ने 2-2 विकेट लिए, जबकि अकील होसेन को 1 सफलता मिली। इस जीत के साथ भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया है और वेस्टइंडीज का वर्ल्ड कप 2026 का सफर यहीं समाप्त हो गया।

