भोपाल। मध्यप्रदेश में पिछले चार दिनों से इंडिगो यात्रियों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। इंदौर, भोपाल और जबलपुर से इंडिगो की 65 से ज्यादा फ्लाइट्स अचानक रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों में जबरदस्त अफरा-तफरी मच गई। सबसे ज्यादा असर इंदौर पर पड़ा जहां अकेले 44 उड़ानें कैंसिल की गईं। भोपाल से 18 और जबलपुर से 5 फ्लाइट्स रद्द होने से हजारों लोग फंस गए।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इस समय क्रू मेंबर्स की कमी से जूझ रही है। इसी वजह से चार दिनों में देशभर में 500 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। इंदौर और भोपाल के साथ-साथ दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद जैसे बड़े शहर भी भारी प्रभावित हैं। सिर्फ शुक्रवार को इंदौर से 26 आउटगोइंग और 18 से ज्यादा इनकमिंग फ्लाइट्स बिना उड़ान भरे ही रद्द कर दी गईं।
भोपाल में 18 उड़ानें प्रभावित रहीं, जबकि जबलपुर में 6 में से 5 फ्लाइट्स ही नहीं उड़ सकीं। कई यात्री 24 घंटे से ज्यादा समय से एयरपोर्ट पर फंसे हैं, कुछ लोगों की तो लगातार दूसरी और तीसरी बार फ्लाइट कैंसिल हुई है। सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है।
इंडिगो की तरफ से अभी तक यह नहीं बताया गया है कि हालात कब सुधरेंगे। फिलहाल यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें और जरूरत पड़े तो वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखें।

