इंदौर में 11 चेहरों वाली ‘मॉडर्न हत्यारी होलिका’ का दहन, सूचना सेठ का चेहरा रहेगा प्रमुख

इंदौर। इंदौर में मेन्स राइट्स के लिए कार्यरत पौरुष संस्था 2 मार्च को शाम 4 बजे से 6:30 बजे के बीच महालक्ष्मी नगर मेला ग्राउंड, एयू बैंक के सामने पुष्प विहार कॉलोनी मेन रोड पर 11 चेहरों वाली “मॉडर्न हत्यारी होलिका” का दहन करेगी। संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट अशोक दशोरा ने बताया कि इस वर्ष होलिका दहन को सामाजिक संदेश से जोड़ते हुए उन महिलाओं के प्रतीक स्वरूप पुतला जलाया जाएगा, जिन पर अपने ही बच्चों की हत्या के गंभीर आरोप लगे हैं।

संस्था के अनुसार इस प्रतीकात्मक पुतले में विभिन्न राज्यों से जुड़े चर्चित आपराधिक मामलों के चेहरे शामिल किए जाएंगे। इनमें बेंगलुरु की एआई एक्सपर्ट और स्टार्टअप सीईओ सूचना सेठ का नाम प्रमुख रूप से लिया गया है, जिन पर अपने चार वर्षीय पुत्र की हत्या का आरोप लगा था। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, राजस्थान, मध्य प्रदेश के ग्वालियर, हरियाणा और गुजरात से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया गया है।

संस्था का कहना है कि जिस प्रकार पौराणिक कथा में होलिका ने भक्त प्रह्लाद को जलाने का प्रयास किया था, उसी प्रतीक के माध्यम से आज के समाज में सामने आ रहे पारिवारिक विघटन और गंभीर अपराधों की ओर ध्यान आकर्षित करना उद्देश्य है। आयोजकों के मुताबिक यह कार्यक्रम समाज में बढ़ते आपराधिक मामलों, पारिवारिक विवादों और कथित रूप से कानून के दुरुपयोग जैसे मुद्दों पर संवाद शुरू करने की पहल है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर सामाजिक जागरूकता अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *