शहडोल। मध्यप्रदेश के Shahdol में इंदौर जैसी खौफनाक घटना सामने आई है, जहां चार्जिंग में लगी ई-स्कूटी अचानक आग का गोला बन गई और देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, इस हादसे में एक परिवार की खुशियां पल भर में राख हो गईं क्योंकि कुछ ही दिनों बाद बेटी की शादी होने वाली थी।
घटना अमलाई थाना क्षेत्र के धनपुरी वार्ड की है, जहां महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर के घर में चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी की बैटरी में अचानक ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से फैल गई, लपटें इतनी भीषण थीं कि घर का मुख्य दरवाजा और इलेक्ट्रिक मीटर भी जलकर खाक हो गए, धुएं और आग से बचने के लिए परिवार को दीवार फांदकर अपनी जान बचानी पड़ी।
किचन में रखे गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए थे, लेकिन पड़ोसियों की सूझबूझ से समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा विस्फोट टल गया, हालांकि आग इतनी भयानक थी कि घर में रखा एक्वेरियम और उसमें मौजूद मछलियां तक जल गईं और मंदिर की प्रतिमाएं भी नहीं बच सकीं।
इस हादसे में ई-स्कूटी, दो बाइक, लाखों के जेवर, करीब दो लाख रुपये नकद और शादी का पूरा सामान जलकर राख हो गया, करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के दौरान सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े करती है और लोगों के लिए सतर्क रहने की चेतावनी भी बन गई है।

