भोपाल। इंदौर में दूषित पानी से हो रही मौतों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। शुक्रवार देर शाम नगर निगम आयुक्त दिलीप यादव को पद से हटा दिया गया, जिसके तुरंत बाद नए आयुक्त की नियुक्ति कर दी गई।
राज्य शासन ने क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया है। क्षितिज सिंघल इससे पहले मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले दूषित पानी कांड को लेकर अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को निलंबित किया गया था। वहीं पीएचई के प्रभारी अधीक्षण यंत्री संजीव श्रीवास्तव को भी सस्पेंड करते हुए जल वितरण विभाग का प्रभार उनसे वापस ले लिया गया था। लगातार हो रही इस कार्रवाई को सरकार की सख्त चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है।


