जिला अस्पताल में अमानवीय व्यवहार, ठंड में मरीजों को वार्ड से निकाला गया, वीडियो हुआ वायरल

दतिया। जिला अस्पताल में मरीजों के साथ अमानवीय व्यवहार के दो गंभीर मामले सामने आए हैं, जहां एक युवक और एक बुजुर्ग महिला को डॉक्टरों ने जबरन वार्ड से बाहर निकाल दिया। दोनों घटनाओं के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

पहला मामला ट्रामा सेंटर से जुड़ा है, जहां भर्ती एक मरीज को डॉक्टरों ने अचानक ट्रामा सेंटर खाली करने का आदेश दे दिया। ड्यूटी डॉक्टर ने मरीज से कहा कि वह ट्रामा सेंटर छोड़कर जनरल वार्ड में जाए। हैरानी की बात यह रही कि मरीज की ड्रिप निकाले बिना ही उसे दूसरे वार्ड में जाने के लिए मजबूर किया गया। मरीज और उसके परिजनों ने एक दिन और ट्रामा सेंटर में रखने की गुहार लगाई, लेकिन डॉक्टर ने साफ इनकार कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।

दूसरा वीडियो जिला अस्पताल की गैलरी का है, जहां एक बुजुर्ग महिला सर्दी में फर्श पर पड़ी नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि महिला का ऑपरेशन होना था, लेकिन परिजनों ने एक दिन बाद ऑपरेशन कराने की बात कही, जिससे नाराज होकर डॉक्टर ने महिला को जबरन वार्ड से बाहर निकाल दिया। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।

मामले पर जब सिविल सर्जन डॉक्टर राठौर से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और मरीजों की स्थिति गंभीर नहीं थी, इसी वजह से उन्हें दूसरे वार्ड में शिफ्ट करने को कहा गया था। हालांकि वायरल वीडियो के बाद जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *