मासूम बनी आवारा कुत्तों का शिकार, डेढ़ साल की बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने किया हमला, नोचते हुए घसीट ले गए, लहूलुहान हालत में मिली

राजगढ़। मध्यप्रदेश में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और कुत्तों के काटने की घटनाओं में कई लोगों की जान भी जा चुकी है। ताजा मामला राजगढ़ जिले का है, जहां डेढ़ साल की मासूम भव्या आवारा कुत्तों के झुंड का शिकार बन गई।

छापीहेड़ा थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही मासूम बच्ची पर अचानक कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्ते बच्ची को घसीटते हुए ले गए और बेरहमी से नोचने लगे। कुछ ही पलों में बच्ची लहूलुहान हो गई। बेटी को बाहर न देखकर जब मां तलाश में निकली, तो सामने दिल दहला देने वाला मंजर था। मां ने किसी तरह कुत्तों को भगाकर अपनी लहूलुहान बेटी को उनके चंगुल से बचाया।

घायल बच्ची को पहले प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे शाजापुर रेफर कर दिया गया। जिले में बच्चों पर आवारा कुत्तों के हमले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर प्रशासन कब जागेगा और कब मासूमों पर टूट रहा यह कहर रुकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *