भोपाल। मध्यप्रदेश में आबकारी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने सख्त कदम उठाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। रतलाम केंद्र पर परीक्षा देने वाले 12 अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। भोपाल के एमपी नगर थाने में शून्य पर एफआईआर दर्ज कर मामला रतलाम के औद्योगिक थाने को ट्रांसफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक दो घंटे की ऑनलाइन परीक्षा को इन 12 अभ्यर्थियों ने महज 15 से 30 मिनट में हल कर दिया था, जबकि बाकी समय वे चुपचाप बैठे रहे। सीसीटीवी रिकॉर्ड और तकनीकी जांच में पाया गया कि उन्होंने न तो कोई रफ वर्क किया और न ही कंप्यूटर स्क्रीन पर सामान्य गतिविधियां दिखाई दीं। इससे अधिकारियों को संगठित गिरोह के जरिए नकल किए जाने की आशंका हुई।
बताया गया है कि सभी 12 अभ्यर्थी अलग-अलग समय पर परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन उनका सेंटर एक ही था। यह परीक्षा रतलाम पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि इन अभ्यर्थियों के पिछले सरकारी परीक्षाओं में अंक 50 से ज्यादा नहीं थे, लेकिन आबकारी भर्ती परीक्षा में उनके अंक 90 तक पहुंच गए, जिससे संदेह और गहरा गया।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस कथित गड़बड़ी के पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय था और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं।

