मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के पीपलखूंटा गांव में एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी पत्नी और उसकी बुआ पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं और उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस जघन्य घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी मामले को लेकर दोनों की कोर्ट में पेशी हुई थी। पेशी के बाद पत्नी अपनी बुआ के साथ नाहरगढ़ क्षेत्र के पीपलखूंटा गांव पहुंची थीं, तभी आरोपी पति राजनाथ वहां आ धमका और विवाद करने लगा। कहासुनी के दौरान उसने पहले पत्नी ममता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और जब ममता की बुआ कासूबाई उसे बचाने आगे आईं तो आरोपी ने उन पर भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाकर दोनों महिलाओं को बचाया। परिजन उन्हें तुरंत मंदसौर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बर्न वार्ड में इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक ममता का चेहरा, छाती और पेट बुरी तरह झुलस गया है और वह करीब 35 प्रतिशत तक जल चुकी हैं, जबकि कासूबाई की हालत भी गंभीर बनी हुई है। ममता और राजनाथ की शादी 15 साल पहले हुई थी और दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे थे, उनके तीन बेटे हैं।
इस मामले में पीड़ित परिवार ने सुवासरा पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ममता के पिता राम सिंह नाथ का कहना है कि उन्होंने करीब तीन महीने पहले थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और दामाद द्वारा बेटी को जिंदा जलाने की धमकी की जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिवार का आरोप है कि अगर समय रहते कदम उठाए जाते तो इस भयावह घटना को रोका जा सकता था।

