प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के फैसले के बाद से Arijit Singh लगातार चर्चा में बने हुए हैं। उनके इस फैसले पर जहां कई लोगों ने समर्थन दिया, वहीं कुछ ने हैरानी भी जताई। अब इस पूरे मामले पर मशहूर संगीतकार Ismail Darbar ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और अरिजीत को समझदार और बिजनेस माइंडेड कलाकार बताया है।
हाल ही में एक बातचीत के दौरान इस्माइल दरबार ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा अफसोस इस बात का है कि उन्हें अरिजीत के साथ काम करने का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा कि वह अरिजीत के साथ एक अलग नजरिए से कुछ नया क्रिएट करना चाहते थे। उनके मुताबिक अरिजीत अपने समकालीन म्यूजिक डायरेक्टर्स जैसा ही स्टाइल फॉलो कर रहे थे, लेकिन एक कोलेबोरेशन में दोनों मिलकर कुछ बिल्कुल अलग कर सकते थे।
इस्माइल दरबार ने आगे कहा कि अरिजीत का यह फैसला बिजनेस के लिहाज से बिल्कुल सही है। उन्होंने कहा कि आज हम सोशल मीडिया के दौर में जी रहे हैं और अगर कोई कलाकार बड़े लेबल्स के लिए गाता है तो कई बार उसका फायदा सीधे लेबल को मिलता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर वह टी-सीरीज के लिए गाते तो जैसे पका हुआ खाना गायक के बजाय लेबल के हिस्से में चला जाता। उनके मुताबिक अरिजीत ने पूरी समझदारी से अपना निर्णय लिया है और वह कोई मासूम या नादान इंसान नहीं हैं, बल्कि बेहद सोच-समझकर कदम उठाने वाले कलाकार हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आज अरिजीत जिस मुकाम पर हैं, वह पूरी तरह सेल्फ-मेड हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और भगवान के आशीर्वाद से यह पहचान बनाई है, न कि सिर्फ म्यूजिक लेबल्स की वजह से। बातचीत के अंत में इस्माइल दरबार ने मुस्कुराते हुए कहा कि अगर अरिजीत कभी उनके सामने आए तो वह उनसे एक आखिरी गाना साथ में करने की जरूर गुजारिश करेंगे, हालांकि मजाक में यह भी जोड़ दिया कि शायद वह मानेंगे नहीं।

