नगीना. भीम आर्मी चीफ और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाने वाली डॉ. रोहिणी घावरी ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर तीखा हमला बोला है। डॉ. रोहिणी ने ट्वीट कर चंद्रशेखर आजाद को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि अब यह लड़ाई आर-पार की है और चाहे जितना भी वक्त लगे, वह उन्हें जेल पहुंचाकर ही दम लेंगी।
रोहिणी घावरी ने अपने बयान में कहा कि 2027 के चुनाव के बाद चंद्रशेखर आजाद का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो बीजेपी खुद उन्हें जेल में डालेगी। रोहिणी ने यह भी कहा कि जिस व्यक्ति ने उनके पिता का अपमान किया है, उसे इसका खामियाजा जरूर भुगतना पड़ेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिसे पिता के सम्मान का मतलब ही नहीं पता, वह दूसरों की भावनाएं क्या समझेगा। रोहिणी ने कहा कि उन्होंने बेटी होकर अपने माता-पिता के लिए अपनी मेहनत की कमाई से बहुत कुछ किया है।
दरअसल, डॉ. रोहिणी घावरी ने चंद्रशेखर आजाद पर यौन शोषण के आरोप लगाते हुए पहले भी कई लड़कियों की कथित चैट सामने रखी थीं। उनका आरोप है कि वह चंद्रशेखर को एक सच्चा आंदोलनकारी मानकर उनके साथ रिश्ते में थीं, लेकिन उन्हें धोखा दिया गया। रोहिणी का यह भी कहना है कि उनसे यह बात छुपाई गई कि चंद्रशेखर आजाद पहले से ही शादीशुदा हैं। यह मामला लगातार राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

