जबलपुर। जबलपुर राज्य साइबर पुलिस जोन ने इंदौर से एक ऐसे गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर उनके साथ धोखाधड़ी करते थे। आरोपियों ने एक शिकायतकर्ता से करीब 14 लाख 16 हजार रुपये की ठगी की थी। जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड अनिकेत मात्रे है, जो इंदौर में कॉल सेंटर चलाकर लोगों को फोन पर निवेश के नाम पर फंसाता था।
आरोपी पहले कॉल करके शेयर ट्रेडिंग से ज्यादा मुनाफे का झांसा देते थे और फिर ठगी की रकम म्यूल अकाउंट यानी दूसरे लोगों के बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे। इसके बाद वही पैसा नकद निकालकर अपने शौक और मौज-मस्ती में खर्च कर दिया जाता था।
मामले में साइबर सेल ने अपराध क्रमांक 262/2022 के तहत आईपीसी की धारा 419, 420, 34 और आईटी एक्ट की धारा 66डी में केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रणय नागवंशी के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक उमाकांत आमों के मार्गदर्शन में की गई, जिसमें निरीक्षक नीलेश अहिरवार, उप निरीक्षक रामनरेश तिवारी और आरक्षक आलोक चौबे की अहम भूमिका रही।

