जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में हुए दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। रविवार को हुए इस हादसे में पहले चैनवती बाई और लच्छों बाई की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि इलाज के दौरान गोमती बाई, वर्षा कुशराम और कृष्ण बाई ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में घायल तीन मजदूरों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
यह घटना रविवार दोपहर बरेला हाईवे रोड पर हुई, जहां सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे 13 मजदूरों को एक तेज रफ्तार क्रिएटा कार ने कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। सभी मजदूर हाईवे पर लगी ग्रिल की पेंटिंग का काम कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपी कार चालक की पहचान कर ली है, जो जबलपुर का ही निवासी बताया जा रहा है। वहीं प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

