जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज पहुंचे ओरछा, रामराजा सरकार के दरबार में टेका मत्था, विश्व शांति और कल्याण की प्रार्थना

ओरछा। रंगपंचमी के पावन अवसर पर जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज मध्य प्रदेश की विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी ओरछा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रभु राम राजा सरकार के दरबार में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और मत्था टेका। सुबह करीब 10 बजे वे सीधे रामराजा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग आधे घंटे तक पूजा-अर्चना कर भगवान से विश्व में शांति, सुख और कल्याण की प्रार्थना की।

मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंच गए और जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लेने लगे। कई श्रद्धालु अपनी व्यक्तिगत परेशानियां भी उन्हें बताते नजर आए, जिस पर उन्होंने उन्हें धैर्य रखने और जल्द ही समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

जब वह रामराजा सरकार के दरबार से बाहर निकल रहे थे, तब भी श्रद्धालुओं की भीड़ उनके दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। इसी दौरान एक महिला भक्त उनके चरण स्पर्श करने की जिद करती नजर आई, जिस पर उन्होंने उसे अपने पैर छूकर आशीर्वाद लेने की अनुमति दी। इस पूरे समय उनके शिष्य और भक्त मंडल भी मंदिर परिसर में उनके साथ मौजूद रहे।

रामराजा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज ओरछा से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट के लिए रवाना हो गए। उनके आगमन से ओरछा में भक्तों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला और मंदिर परिसर में आध्यात्मिक माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *