जगदीशपुर बना इस्लामनगर! नाम बदलने के आरोप पर भोपाल में हंगामा, हिंदू संगठनों का जोरदार विरोध

भोपाल। राजधानी भोपाल में जगदीशपुर की जगह इस्लामनगर लिखे बोर्ड सामने आने के बाद सियासी और सामाजिक बवाल मच गया। हिंदू संगठनों ने इसे नाम बदलने की कोशिश बताते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और मौके पर पहुंचकर बोर्ड पर ‘जगदीशपुर पर्यटन स्थल’ का फ्लेक्स लगा दिया।

लांबाखेड़ा–जगदीशपुर मार्ग पर लगे कई संकेतक बोर्डों पर जगदीशपुर की जगह इस्लामी नगर लिखे जाने और कुछ बोर्डों के क्षतिग्रस्त मिलने के बाद मंगलवार को स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि क्षेत्र के ऐतिहासिक और मूल नाम से किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह सिर्फ नाम बदलने का मामला नहीं है, बल्कि जनभावनाओं से सीधा खिलवाड़ है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सभी बोर्डों पर तत्काल मूल नाम ‘जगदीशपुर’ बहाल किया जाए, क्षतिग्रस्त किलोमीटर मीटर बोर्डों की मरम्मत हो और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही बोर्ड पर ‘जगदीशपुर पर्यटन स्थल’ का नया फ्लेक्स लगाकर अपना संदेश साफ कर दिया। वहीं प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बताया जा रहा है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस क्षेत्र का नाम जगदीशपुर रखा था, लेकिन पीडब्ल्यूडी द्वारा लगाए गए नए बोर्ड पर पर्यटन स्थल चमन महल के साथ-साथ एक अन्य बोर्ड पर इस्लामनगर लिखा गया, जिसके बाद यह पूरा विवाद खड़ा हो गया। फिलहाल इलाके में इस मुद्दे को लेकर तनाव और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *