जयारोग्य अस्पताल में हाहाकार, 700 आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर, मरीजों की बढ़ी मुश्किलें

ग्वालियर। ग्वालियर चंबल अंचल के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल जयारोग्य हॉस्पिटल में व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। एजाइल सिक्युरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड के अधीन आउटसोर्सिंग पर काम करने वाले करीब 700 कर्मचारी अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल पर चले गए हैं। सफाईकर्मी, सुरक्षा गार्ड, वार्ड बॉय, स्ट्रेचर बॉय और फार्मेसी कर्मचारी हड़ताल पर होने से अस्पताल की सफाई, सुरक्षा और मूल व्यवस्थाएं ठप हो गई हैं, जिससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जयारोग्य अस्पताल पूरे अंचल का सबसे बड़ा इलाज केंद्र है, जहां रोजाना लाखों मरीज पहुंचते हैं। लेकिन कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से वार्डों में गंदगी फैलने लगी है, सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो गई है और मरीजों को स्ट्रेचर तक नहीं मिल पा रहे हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि मरीजों को एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक ले जाने में भी दिक्कत हो रही है।

हड़ताली कर्मचारियों का आरोप है कि एजाइल कंपनी समय पर वेतन नहीं दे रही है और पिछले दो वर्षों का एरियर भी अब तक लंबित है। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी बोनस का भुगतान भी नहीं कर रही है। उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में भी उन्होंने हड़ताल की थी, तब कंपनी ने लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन लंबे इंतजार के बावजूद कोई वादा पूरा नहीं किया गया। कर्मचारियों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी सभी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनकी कामबंद हड़ताल जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *