बॉलीवुड एक्टर जिमी शेरगिल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता सत्यजीत सिंह शेरगिल का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और 11 अक्टूबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। जिमी शेरगिल के परिवार में इस दुखद खबर के बाद मातम का माहौल है। उनके लिए अंतिम अरदास आज, 14 अक्टूबर को रखी गई है।
सांताक्रूज के गुरुद्वारे में होगी अंतिम अरदास
शेरगिल परिवार की ओर से बताया गया है कि सत्यजीत सिंह शेरगिल की अंतिम अरदास शाम 4 बजे मुंबई के सांताक्रूज वेस्ट स्थित गुरुद्वारा धन पोथोहर नगर में की जाएगी। सत्यजीत सिंह पेशे से एक पेंटर थे और लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।
कला से गहरा नाता रखने वाला परिवार
सत्यजीत सिंह शेरगिल न केवल एक जाने-माने कलाकार थे, बल्कि उनका परिवार भी कला की दुनिया से गहराई से जुड़ा रहा है। उनके परिवार की कजिन प्रसिद्ध भारतीय पेंटर अमृता शेरगिल थीं। यही वजह है कि शेरगिल परिवार का कला और रचनात्मकता से एक गहरा रिश्ता रहा है। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जिमी शेरगिल ने अभिनय की दुनिया को चुना और अपनी शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
जिमी शेरगिल का फिल्मी सफर
अगर जिमी शेरगिल के करियर की बात करें तो उन्होंने 1996 में फिल्म “माचिस” से बॉलीवुड में कदम रखा था, लेकिन उन्हें असली पहचान मिली साल 2000 की सुपरहिट फिल्म “मोहब्बतें” से। इसके बाद उन्होंने हासिल, मुन्नाभाई एमबीबीएस, साहेब बीवी और गैंगस्टर, रकीब, और माय नेम इज़ खान जैसी फिल्मों में दमदार भूमिकाएँ निभाईं।
अब जिमी शेरगिल जल्द ही “दे दे प्यार दे 2”, “बुलेट विजय” और “मिस्टर आई” जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। लेकिन फिलहाल, इस दुखद समय में पूरा बॉलीवुड और उनके चाहने वाले जिमी शेरगिल और उनके परिवार के साथ संवेदना जता रहे हैं।

