बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान के दौरान मंगलवार को हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता के मताधिकार में है, और यही हमारे गणतंत्र की असली पहचान है।
मांझी ने कहा कि भारत के गणतंत्र की यही खूबसूरती है कि जिस मताधिकार का अधिकार राष्ट्रपति को है, वही अधिकार एक आम नागरिक को भी प्राप्त है। आज मैंने उसी अधिकार का प्रयोग किया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बार भी विकास, स्थिरता और सुशासन के पक्ष में वोट कर रही है।
मांझी ने दावा किया कि एनडीए को इस बार बड़े पैमाने पर जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ था, जिसमें 70 प्रतिशत से अधिक महिलाओं की भागीदारी थी। इस बार भी महिलाओं ने NDA के पक्ष में माहौल बनाया है, और हमें पूरा विश्वास है कि 122 सीटों में से कम से कम 80 सीटों पर NDA की जीत तय है।
गया जिले में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। प्रशासन ने सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वहीं, मांझी ने जनता से अपील की कि वे निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को और मजबूत बनाएं।
उन्होंने कहा कि बिहार में विकास का सिलसिला रुकना नहीं चाहिए। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एनडीए सरकार ने जो दिशा दी है, उसे जनता भी महसूस कर रही है। मांझी ने कहा — “जनता अब विकास चाहती है, न कि अराजकता।

