बिहार की सियासत एक बार फिर बयानबाज़ी से तप रही है। एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद नेता खुलकर विपक्ष पर निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में हम पार्टी के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने ऐसा बयान दे दिया जिसने पूरे राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।
मांझी ने आरजेडी को डायनासोर से तुलना करते हुए कहा कि जिस तरह धरती से डायनासोर हमेशा के लिए खत्म हो गए, आने वाले वक्त में बिहार की राजनीति में राजद का भी यही हश्र होने वाला है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा—“धरती पर डायनासोर वापस आ सकता है, लेकिन बिहार में राजद वापस नहीं आ सकती।” यही नहीं, मांझी ने अपने पोस्ट में तेजस्वी यादव और आरजेडी को टैग करते हुए तगड़ा हमला बोला।
एनडीए की जीत ने सत्ता पक्ष को जबरदस्त उत्साह दिया है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी है। जदयू ने 85 सीटें जीतीं, जबकि चिराग पासवान की एलजेपी (आर) को 19, हम को 5 और RLAM को 4 सीटों पर सफलता मिली। कुल मिलाकर एनडीए 202 सीटें लेकर भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल रहा।
वहीं महागठबंधन पूरी तरह बैकफुट पर नजर आया। RJD को सिर्फ 25 सीटें मिलीं, कांग्रेस 6 पर सिमटी, CPI ML को 2, CPM को 1 और IIP को 1 सीट मिली। हार के बाद महागठबंधन के नेता अभी भी सदमे से उबरते दिखाई नहीं दे रहे।
ऐसे में मांझी के इस बयान ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। आने वाले दिनों में इस टिप्पणी पर RJD की प्रतिक्रिया क्या होगी, यह देखना दिलचस्प होगा।

