जेपी नड्डा की हुंकार – बिहार की जनता को पंचामृत वादा, अब विकासराज नहीं रुकेगा!

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार के आखिरी दिन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड के दौलतपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बड़हरा विधानसभा सीट से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी राघवेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। मैदान में उमड़ी भीड़ और नारों की गूंज के बीच नड्डा ने महागठबंधन, राजद और कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया और जनता से एनडीए के पक्ष में मतदान की अपील की।

सभा की शुरुआत में ही जेपी नड्डा ने कहा कि इस चुनाव में बीजेपी बिहार की जनता से “पंचामृत वादा” करती है — हर गरीब को अनाज, हर परिवार को आवास, हर घर को बिजली, हर नागरिक को सुरक्षा और हर व्यक्ति को इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिहार अब जंगलराज नहीं, विकासराज चाहता है।

नड्डा ने कहा कि राजद का मतलब ही है — रंगदारी, जंगलराज और दादागीरी। उन्होंने याद दिलाया कि लालू यादव के शासनकाल में बिहार अराजकता की गिरफ्त में था, जहां अपराधी खुलेआम घूमते थे और आम लोग भय में जीते थे। उन्होंने कहा कि लालू यादव की “तेल पिलावन, लठिया भाजन” रैली को कोई नहीं भूला, जब जनता को डराकर चुप रहने पर मजबूर किया गया था।

जेपी नड्डा ने लालू परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि इनके शासन में बिहार अपहरण और लूट का गढ़ बन गया था। डॉक्टर, इंजीनियर, वकील – सब राज्य छोड़ने को मजबूर थे। उन्होंने कहा — “मीसा भारती की शादी के वक्त टाटा कंपनी का शो रूम तक लूट लिया गया था। लालू परिवार के नाम पर अब बस घोटाले ही याद आते हैं – चाहे वो चारा घोटाला हो, अलकतरा घोटाला या नौकरी के बदले जमीन का।”

नड्डा ने कहा कि आरजेडी आज भी वही पुरानी सोच पर चल रही है। अपराधियों के परिवारों को टिकट देना दिखाता है कि इनके चरित्र में कोई बदलाव नहीं आया। उन्होंने कहा कि “शहाबुद्दीन और रीतलाल यादव जैसे अपराधियों के समर्थकों को टिकट देना बताता है कि ये वही जंगलराज वाली पार्टी है, जिससे बिहार अब मुक्त हो चुका है।”

कांग्रेस पर प्रहार करते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस आज बिना लक्ष्य और दिशा की पार्टी बन चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा — “कांग्रेस अब तीन में ना तेरह में, कहीं की नहीं रही। बिहार में उसका न कोई जनाधार बचा है, न कोई दृष्टि।”

जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी और नीतीश की जोड़ी ने बिहार में ऐतिहासिक विकास कार्य किए हैं। सड़कों से लेकर बिजली, शिक्षा से लेकर महिला सशक्तिकरण तक, एनडीए सरकार ने हर क्षेत्र में काम किया है। उन्होंने कहा — “मोदी सरकार ने गरीबों को घर, गैस, बिजली और शौचालय देकर जीवन की बुनियादी जरूरतें पूरी की हैं। अब बिहार को कोई पीछे नहीं रोक सकता।”

सभा में भाजपा प्रत्याशी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने जेपी नड्डा के आगमन को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस रैली ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है और एनडीए की एकजुटता का संदेश पूरे भोजपुर में गूंज गया है। भीड़ के नारों के बीच नड्डा ने जनता से कहा — “बिहार की जनता अब तय कर चुकी है, इस बार विकासराज ही जीतने वाला है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *