ट्रेन के वॉशरूम में जज की पत्नी की मौत, साइलेंट हार्ट अटैक से गई जान

 रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। राजस्थान के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ जोधपुर से निंबाहेड़ा की ओर ट्रेन से सफर कर रहे थे। दोनों ट्रेन नंबर 17606 काचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस में सवार थे, लेकिन वे अलग-अलग कोच में यात्रा कर रहे थे।

निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने से पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं। इसके बाद ट्रेन जब निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो जज राजकुमार चौहान उतर गए, लेकिन उनकी पत्नी ट्रेन से नीचे नहीं उतरीं। काफी देर इंतजार करने के बाद जब वह नहीं आईं तो उन्हें चिंता हुई और उन्होंने तुरंत रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दी।

ट्रेन जब जावरा स्टेशन पहुंची तो रेलवे पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। कोच के वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर जब पुलिस अंदर पहुंची तो उषा चौहान का शव वॉशरूम के अंदर पड़ा मिला।

डॉक्टरों की शुरुआती जांच में सामने आया कि उन्हें साइलेंट हार्ट अटैक आया था, जिसकी वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और जज राजकुमार चौहान अपनी पत्नी के पार्थिव शरीर के साथ पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *