क्रिकेटर रिंकू सिंह के खिलाफ करणी सेना की तहरीर, वायरल रील को लेकर जनभावनाएं आहत करने का आरोप

अलीगढ़. मशहूर क्रिकेटर रिंकू सिंह के खिलाफ करणी सेना ने थाने में तहरीर दी है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक वायरल रील को लेकर की गई है। करणी सेना का आरोप है कि इस पोस्ट से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। 18 जनवरी को सासनी गेट थाने में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई।

करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुमित तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ता थाने पहुंचे और रिंकू सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संगठन का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल की गई रील में एक गाड़ी के अंदर हिंदू देवताओं को काला चश्मा पहने हुए अंग्रेजी गाने के साथ AI के जरिए दिखाया गया है, जबकि उसी वीडियो में क्रिकेटर रिंकू सिंह को छक्के लगाते हुए दर्शाया गया है।

करणी सेना का दावा है कि इस तरह की प्रस्तुति से जनभावनाएं आहत हुई हैं और धार्मिक आस्था का अपमान हुआ है। मामले को लेकर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *