खेसारी लाल यादव का बड़ा बयान – बोले, बेरोजगारी और शिक्षा ही बिहार का असली मुद्दा है, स्टार प्रचारकों को चार दिन में कर दूंगा पागल

पटना। बिहार की सियासत में इस वक्त भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का बयान चर्चा में है। पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खेसारी ने एनडीए के स्टार प्रचारकों पर सीधा हमला बोला और कहा – “चार दिन के अंदर इन स्टार प्रचारकों को पागल करवा दूंगा।” उनके इस बयान ने बिहार की राजनीति में हड़कंप मचा दिया है।

खेसारी ने अपने भाषण की शुरुआत धर्म के महत्व को स्वीकार करते हुए की। उन्होंने कहा – “मैं धर्म विरोधी नहीं हूं, मैं आज भी कहता हूं जय श्रीराम, लेकिन क्या इससे बेरोजगारी और अशिक्षा खत्म हो जाएगी? धर्म जरूरी है, लेकिन धर्म के साथ कर्म और शिक्षा भी उतनी ही जरूरी है।”

इसके बाद उन्होंने बीजेपी के स्टार प्रचारकों पर तीखा वार किया और कहा – “इनकी भाषा में मर्यादा नहीं है। ये लोग सिर्फ प्रचार और दिखावे में लगे हैं, जबकि बिहार की जनता बेरोजगारी और शिक्षा के संकट से जूझ रही है। असली मुद्दा धर्म नहीं, रोजगार और शिक्षा है।”

खेसारी ने मंच से एक बड़ा बयान देते हुए कहा – “एनडीए के स्टार प्रचारक कहते हैं कि अगर बिहार में फैक्ट्री लग गई, तो मैं चुनाव लड़ना छोड़ दूंगा। अरे भाई, ऐसे बयानों से जनता का पेट नहीं भरेगा। बिहार को रोजगार चाहिए, पढ़ाई चाहिए, भविष्य चाहिए।”

उन्होंने खुद को तेजस्वी यादव का छोटा भाई बताते हुए कहा – “मैं तेजस्वी का छोटा भाई हूं, और बिहार के नौजवानों की आवाज हूं। मैं जनता से कहता हूं, चार दिन के अंदर इन स्टार प्रचारकों को पागल कर दूंगा, क्योंकि अब बिहार के लोग असली मुद्दों पर बात चाहते हैं।”

पहले चरण के चुनाव को लेकर खेसारी ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा – “बिहार की जनता के साथ बार-बार छल हुआ है, अब सच्चाई सामने लाने का वक्त आ गया है।”

जब उनसे पूछा गया कि निरहुआ ने उन्हें ‘यदमुल्ला’ कहा है, तो खेसारी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया – “अगर रोजगार और शिक्षा की बात करने से मैं ‘यदमुल्ला’ कहलाता हूं, तो मैं वही हूं। कम से कम मैं धर्म के नाम पर जनता को गुमराह नहीं कर रहा।”

खेसारी के इस बयान ने साफ कर दिया है कि वो इस चुनाव में सिर्फ स्टारडम नहीं, बल्कि मुद्दों की राजनीति करने आए हैं। उनके तेवर, उनकी भाषा और जनता के बीच उनकी पकड़ यह दिखाती है कि इस बार चुनाव में सिर्फ भीड़ नहीं, बल्कि सवालों की गूंज भी सुनाई देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *