IPL 2026: आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने बड़ा कदम उठाते हुए बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI के निर्देश के बाद लिया गया है, जिसके चलते अब 30 वर्षीय मुस्ताफिजुर आगामी आईपीएल सीजन में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
गौरतलब है कि दिसंबर में हुए आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में KKR ने मुस्ताफिजुर रहमान को 9 करोड़ 20 लाख रुपये की भारी रकम में खरीदा था। इस ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली थी और यह आईपीएल इतिहास में किसी भी बांग्लादेशी खिलाड़ी के लिए अब तक का सबसे महंगा सौदा था।
KKR ने अपने आधिकारिक बयान में साफ किया कि आईपीएल की नियामक संस्था BCCI और IPL गवर्निंग बॉडी ने आगामी सीजन से पहले फ्रेंचाइजी को मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया था। फ्रेंचाइजी ने सभी आवश्यक प्रक्रियाओं और परामर्श के बाद इस फैसले को लागू किया है। साथ ही KKR को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी शामिल करने की अनुमति भी दे दी गई है।
मुस्ताफिजुर रहमान की रिलीज केवल क्रिकेट कारणों तक सीमित नहीं मानी जा रही है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और हालिया हिंसा को लेकर भारत ने चिंता जताई थी, जिसके बाद BCCI पर इस खिलाड़ी को आईपीएल में शामिल करने को लेकर दबाव बढ़ गया। यह विवाद राजनीतिक स्तर तक भी पहुंचा और KKR के सह-मालिक और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
अगर मुस्ताफिजुर रहमान के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2016 से अब तक आठ सीजन खेले हैं। वह सिर्फ 2019 और 2020 में आईपीएल का हिस्सा नहीं रहे। इस दौरान उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों के लिए खेला है। आईपीएल 2026 में वह पहली बार KKR की जर्सी पहनने वाले थे, लेकिन अब यह मौका उनसे छिन गया है।
भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों में भी पिछले कुछ समय से तल्खी देखने को मिल रही है। दोनों देशों के बीच प्रस्तावित व्हाइट-बॉल द्विपक्षीय सीरीज पिछले साल टाल दी गई थी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इसे सितंबर में कराने की बात कही थी, लेकिन BCCI की ओर से अब तक कोई ठोस सहमति नहीं मिली है। मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक हालात को देखते हुए इस सीरीज के आयोजन पर भी संशय बना हुआ है।

