‘कोरियन लवर’ गेम बना मौत की वजह? गाजियाबाद में तीन सगी बहनों की दर्दनाक छलांग, जानिए पिता ने क्या कहा

गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र स्थित भारत सिटी में देर रात हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया, जब रात करीब ढाई बजे 16 साल की निशिका, 14 साल की प्राची और 12 साल की पाखी ने नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि चेतन कुमार की तीनों बेटियां ‘कोरियन लवर’ नाम के एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड गेम की आदी थीं और शुरुआती जांच में इसी गेम की लत को इस सामूहिक आत्महत्या की बड़ी वजह माना जा रहा है, फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ के साथ मोबाइल फोन की डिजिटल जांच शुरू कर दी गई है।

जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें ज्यादातर समय अपनी डिजिटल दुनिया में डूबी रहती थीं और एक कोरियन गेम के टास्क पूरे कर रही थीं, पुलिस अब उन मोबाइल फोनों को खंगाल रही है जिनमें छिपे टास्क ने इन मासूमों को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया, वहीं परिवार और पड़ोसियों के लिए यह यकीन करना मुश्किल है कि स्क्रीन के पीछे बैठा कोई अदृश्य खेल तीन जिंदगियों को खत्म कर सकता है, इसी कड़ी में गाजियाबाद पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

मृतक बच्चियों के पिता चेतन कुमार ने बताया कि उनकी बेटियां कोरियन गेम खेलती थीं और उस गेम में कुल 50 टास्क थे, घटना वाले दिन आखिरी टास्क बताया जा रहा है, पुलिस जांच के लिए उनके मोबाइल फोन अपने साथ ले गई है, वहीं छलांग लगाने के लिए बच्चियों ने दो स्टेप वाली सीढ़ी का इस्तेमाल किया था, ये बातें जांच में सामने आई हैं।

आधी रात सन्नाटे को चीरती चीखों से पूरी सोसाइटी दहल उठी, तीनों बहनें एक साथ मौत के आगोश में समा गईं और मौके से पुलिस को एक पेज का सुसाइड नोट मिला, जिस पर सिर्फ इतना लिखा था कि मम्मी पापा सॉरी, ये कुछ शब्द उस गहरे मानसिक दबाव की ओर इशारा करते हैं, जिसमें शायद ये तीनों मासूम फंस चुकी थीं।

इस मामले में एसीपी अतुल कुमार ने बताया कि रात करीब 2 बजकर 15 मिनट पर पीआरवी के जरिए थाना टीला मोड़ क्षेत्र स्थित भारत सिटी के टावर बी-1 के फ्लैट नंबर 907 की नवीं मंजिल की बालकनी से तीन बच्चियों के कूदने की सूचना मिली, मौके पर पहुंचने पर निशिका, प्राची और पाखी तीनों बच्चियां ग्राउंड पर बेसुध हालत में मिलीं, जिन्हें तुरंत एम्बुलेंस से 50 शैय्या अस्पताल लोनी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, फिलहाल पुलिस द्वारा पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *