बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाराबंकी जिले के सिरौली गौसपुर तहसील स्थित दुल्हदेपुर गांव पहुंचे, जहां रामजानकी मंदिर कुटी पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर जनसभा को संबोधित किया।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि इस धरती ने केडी बाबू सिंह जैसे महापुरुष को जन्म दिया है और अब बाराबंकी का युवा रोजगार के लिए बाहर नहीं जाएगा क्योंकि जिले में विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा रहे हैं, सरयू माता की कृपा से यह क्षेत्र आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि रामस्नेही घाट के पास बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा और बाराबंकी का गौरवशाली अतीत डबल इंजन सरकार के प्रयासों से और भी उज्ज्वल बनेगा, यह सरकार जो कहती है वही करती है और 2017 से पहले जो अराजकता थी वह अब खत्म हो चुकी है।
सीएम योगी ने कहा कि पहले गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे लेकिन सरकार बदलते ही यह सब बंद हो गया, अब कानून का राज है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं है।
राम मंदिर और बाबरी ढांचे के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राम सबके हैं, इसमें कोई भेद नहीं है, कयामत का दिन कभी आने वाला नहीं है और बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा, कुछ लोग अवसरवाद में राम को भूल जाते हैं।
अपने सख्त संदेश में सीएम योगी ने कहा कि हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो, जो कोई भी कानून तोड़ेगा उसे सख्त सजा मिलेगी और जहन्नुम का रास्ता दिखेगा, हम सब भारतीय मिलकर एक भारत श्रेष्ठ भारत का निर्माण करें।

