निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर कस्बे में शुक्रवार देर शाम उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक युवती बीच सड़क पर बैठकर रोते हुए हाईवोल्टेज ड्रामा करने लगी। युवती की एक ही जिद थी कि उसे दीपक से मिला दिया जाए, जो थाने में है।
बीच सड़क पर बैठी युवती लगातार रोते हुए कहती रही कि दीपक को बुला दो, मैं उससे मिलना चाहती हूं। सड़क पर जाम की स्थिति बनने लगी, जिसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने की कोशिश की। इस दौरान वहां मौजूद लोग उससे पूछते रहे कि दीपक कौन है और वह कहां की रहने वाली है, लेकिन युवती बस यही कहती रही कि वह पिछले 9 महीनों से दीपक के साथ रह रही है और उससे बेहद प्यार करती है।
दरअसल हंगामा कर रही युवती का नाम पूजा पाल है और वह निवाड़ी जिले के ही रहने वाले दीपक पाल से प्रेम करती है। दीपक भोपाल के एक होटल में काम करता है। शुक्रवार को वह भोपाल से अपनी प्रेमिका पूजा के साथ पृथ्वीपुर पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद दीपक पूजा को छोड़कर वहां से चला गया।
कुछ देर तक पूजा अपने प्रेमी को तलाशती रही, लेकिन जब वह नहीं मिला तो उसने बीच सड़क पर बैठकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के चलते सड़क पर जाम लग गया, जिसके बाद पृथ्वीपुर थाना पुलिस युवती को थाने ले गई।
कुछ देर बाद युवती का प्रेमी दीपक भी थाने पहुंच गया और अपने साथ पूजा को लेकर चला गया। फिलहाल पुलिस ने किसी तरह की कार्रवाई नहीं की है, लेकिन प्रेमी युगल को दोबारा ऐसी हरकत न करने की सख्त हिदायत देकर थाने से जाने दिया गया है।

