ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में बीजेपी नेता के फार्महाउस से जब्त की गई शराब को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की रिपोर्ट में सामने आया है कि बरामद की गई शराब जहरीली थी। रिपोर्ट सामने आते ही आबकारी विभाग हरकत में आ गया है।
दरअसल 26 अक्टूबर 2025 को आबकारी विभाग की टीम ने घाटीगांव क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह तोमर के फार्महाउस पर छापा मारकर नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान 36 ड्रम और 313 केन में भरी करीब 22,850 लीटर ओपी, मशीनें और बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री जब्त की गई थी। मौके से ओपी से तैयार की गई 220 पेटी व्हिस्की भी बरामद हुई थी।
अब लैब रिपोर्ट में शराब के जहरीला पाए जाने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। जांच में सामने आया है कि इस फैक्ट्री का मास्टरमाइंड सोनीपत का कांग्रेस नेता रणदीप मलिक और उसका सहयोगी अमित कुमार है। रणदीप मलिक पर अंतरराज्यीय तस्करी के करीब 15 मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
आबकारी विभाग की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जल्द रवाना होने वाली हैं। पूरे मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

