भोपाल। Bhopal में उस वक्त हड़कंप मच गया जब नगर निगम के सेंट्रल वर्कशॉप मैकेनिकल में लोकायुक्त की टीम ने छापेमार कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब दो दर्जन से अधिक लोकायुक्त अधिकारी मौके पर पहुंचकर दस्तावेजों की गहन जांच में जुट गए। खबर लिखे जाने तक यह कार्रवाई लगातार जारी थी।
बताया जा रहा है कि लोकायुक्त की नजर लंबे समय से भोपाल नगर निगम में हो रही कथित गड़बड़ियों पर बनी हुई थी। इसी क्रम में कुछ दिन पहले नगर निगम की कंप्यूटर शाखा में भी लोकायुक्त की टीम ने छापा मारा था, जहां से कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आई थी। उन्हीं सुरागों के आधार पर अब सेंट्रल वर्कशॉप मैकेनिकल कार्यालय में यह बड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक कंप्यूटर शाखा में हुई कार्रवाई के बाद वित्त विभाग के अधिकारी गुणवंत सेवतकर को उनके पद से हटा दिया गया था। अब उसी मामले से जुड़े तथ्यों को खंगालने के लिए लोकायुक्त की टीम सेंट्रल वर्कशॉप मैकेनिकल पहुंची है, जहां प्रभारी के रूप में विजय गोयल की जिम्मेदारी बताई जा रही है।
लोकायुक्त के अधिकारी लगातार दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इस जांच में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पूरी कार्रवाई जारी है और अधिकारी हर दस्तावेज को बारीकी से खंगाल रहे हैं।

