मंदसौर। मध्यप्रदेश में भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। ताजा मामला मंदसौर जिले से सामने आया है, जहां एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई समाचार लिखे जाने तक जारी थी।
मामला मंदसौर जिले की सुवासरा तहसील का है, जहां पदस्थ पटवारी हरीश पाटीदार पर भूमि नामांतरण के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित ने इसकी शिकायत लोकायुक्त से की थी, जिसके बाद पूरे मामले की गोपनीय जांच की गई।
शिकायत की पुष्टि होने पर उज्जैन लोकायुक्त पुलिस की टीम ने जाल बिछाया और रिश्वत की दूसरी किस्त के रूप में 30 हजार रुपये लेते समय पटवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ संदेश गया है कि रिश्वत लेने वालों पर कानून का शिकंजा कसता रहेगा और भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी।

