पन्ना। भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी सख्त अभियान के बीच लोकायुक्त सागर की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पन्ना जिले के शाहनगर जनपद की ग्राम पंचायत चौपरा में सरपंच जगत आदिवासी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
मामला ‘कपिलधारा योजना’ के तहत कुएं के निर्माण से जुड़ा है। आवेदक नंदलाल राठौर अपनी कृषि भूमि पर कुआं बनवाना चाहते थे और जनपद से स्वीकृति भी मिल चुकी थी, लेकिन आरोप है कि सरपंच ने काम शुरू कराने की अनुमति देने के बदले ग्यारह हजार रुपये की मांग की। परेशान होकर आवेदक ने लोकायुक्त एसपी से शिकायत की, जिसके बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया।
जैसे ही रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर पांच हजार रुपये सरपंच को दिए गए, निरीक्षक कमल सिंह उइके और रंजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से जनपद कार्यालय में हड़कंप मच गया। फिलहाल भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

