भोपाल: राजधानी भोपाल में एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इंदौर लोकायुक्त में पदस्थ टीआई सचिन पटेरिया के इकलौते चार वर्षीय बेटे यशवर्धन उर्फ ईशू की इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नेहा पटेरिया गंभीर रूप से घायल हो गई हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक टीआई सचिन पटेरिया का परिवार भदभदा क्षेत्र स्थित 25वीं बटालियन परिसर में रहता था। सोमवार शाम नेहा पटेरिया अपने चार साल के बेटे ईशू के साथ भदभदा से ऑटो में सवार होकर पॉलिटेक्निक चौराहे की ओर जा रही थीं। तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक लोडिंग टेंपो ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और पीछे की सीट पर बैठा मासूम ईशू उछलकर सड़क पर गिर पड़ा। दुर्भाग्यवश लोडिंग वाहन का पहिया बच्चे के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे में नेहा पटेरिया और ऑटो चालक को भी गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ईशू को मृत घोषित कर दिया। नेहा पटेरिया की हालत नाजुक बनी हुई है। परिवार में एक सात वर्षीय बेटी भी है, जो हादसे के वक्त ट्यूशन गई हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही कमलानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में लोडिंग टेंपो की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस वाहन चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।

