मेरठ। जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने ही पति, BSF जवान नैन सिंह की हत्या की साजिश रच डाली, बताया जा रहा है कि महिला का अपने मौसेरे भाई गुलशन के साथ अवैध संबंध था और इसी रिश्ते को बचाने के लिए उसने अपने सुहाग की बलि दे दी।
जानकारी के मुताबिक नैन सिंह छुट्टी पर वेस्ट बंगाल से अपने घर आए हुए थे, तभी पत्नी कोमल ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने का प्लान बनाया, इसके लिए उसने अपने गहने गिरवी रखकर करीब 6 लाख रुपये की व्यवस्था की और शूटर हायर किए गए।
पुलिस के अनुसार करीब 14 साल पहले नैन सिंह और कोमल की शादी हुई थी, उनके दो बच्चे भी हैं, लेकिन चार साल पहले कोमल का अपने रिश्तेदार गुलशन के साथ अफेयर शुरू हो गया था, पति को जब इस बात का शक हुआ तो उसने पत्नी को समझाकर एक मौका भी दिया, लेकिन दोनों का रिश्ता खत्म नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि पहले तलाक का प्लान बनाया गया था, लेकिन आर्थिक फायदे को देखते हुए पति की हत्या की साजिश रची गई, जिस रात घटना हुई उस समय नैन सिंह घर में सो रहे थे, तभी कोमल ने अपने साथियों को फोन किया और शूटरों ने उनके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
हैरानी की बात यह रही कि अगले दिन आरोपी पत्नी ने बिल्कुल सामान्य व्यवहार किया, लेकिन पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन के आधार पर पूरे मामले का खुलासा कर दिया, जिसके बाद कोमल, उसका प्रेमी गुलशन और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

