माननीयों के लिए लग्ज़री सुविधाएं: नए विधायक आवास में स्विमिंग पूल, जिम और रेस्टोरेंट का प्लान तैयार

भोपाल। मध्य प्रदेश के माननीयों के लिए सुविधाओं से लैस नए आवासों की बड़ी तैयारी की जा रही है। करीब 15.38 करोड़ रुपये की लागत से विधायकों के लिए स्विमिंग पूल, जिम और रेस्टोरेंट जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अरेरा हिल्स क्षेत्र में विधायकों के नए आवासीय परिसर के तीसरे चरण का खाका भी तैयार हो चुका है और विधानसभा स्तर पर इसकी तैयारी लगभग पूरी मानी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक वर्तमान में विधानसभा में 230 विधायक हैं, लेकिन आगामी परिसीमन को ध्यान में रखते हुए 300 विधायकों के लिए आवास बनाने की योजना है। इसी परिसर में स्पीकर, डिप्टी स्पीकर, नेता प्रतिपक्ष और विधानसभा के प्रमुख सचिव के लिए भी अलग-अलग नए बंगले प्रस्तावित किए गए हैं, जिनकी लागत 4 से 5 करोड़ रुपये के बीच तय की गई है। स्पीकर के नए बंगले की अनुमानित लागत 4.76 करोड़ रुपये होगी, जबकि डिप्टी स्पीकर और नेता प्रतिपक्ष के बंगले पर करीब 4.24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं विधानसभा के प्रमुख सचिव के बंगले के लिए लगभग 4.09 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है।

नए आवासीय परिसर का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। पहले चरण का काम विधायक विश्रामगृह के पास शुरू हो चुका है, जिसमें 102 विधायकों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। दूसरे चरण में 198 अतिरिक्त आवासों का निर्माण होगा। पूरे परिसर में छह मंजिल के कुल आठ टॉवर खड़े किए जाएंगे। इसके बाद तीसरे चरण में स्पीकर, डिप्टी स्पीकर, नेता प्रतिपक्ष और प्रमुख सचिव के लिए अलग-अलग भव्य बंगलों का निर्माण प्रस्तावित है।

कुल मिलाकर मध्य प्रदेश के माननीयों के लिए बनने वाला यह नया आवासीय परिसर आधुनिक सुविधाओं और भव्य निर्माण का एक बड़ा उदाहरण बनने जा रहा है, जहां रहने के साथ-साथ फिटनेस और सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *