भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आईटी सहित हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश भी केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर सभी सेक्टर में विकास कार्यों को गति दे रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और राजस्थान भाई-भाई हैं और दोनों राज्य अपनी साझा विरासत का संरक्षण करते हुए साझा विकास के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि आज के तकनीकी युग में आईटी का विशेष महत्व है और इसी को ध्यान में रखते हुए युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से जयपुर में टीआईई ग्लोबल समिट का आयोजन किया जा रहा है। इस समिट के माध्यम से स्टार्ट-अप्स, इनोवेटर्स और उद्योगपतियों के बीच संवाद होगा, जिससे दोनों राज्यों के युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने पड़ोसी राज्य राजस्थान के साथ वर्षों पुराने विवाद को खत्म करते हुए पार्वती-कालीसिंध-चंबल यानी पीकेसी परियोजना पर काम शुरू कर दिया है। सोमवार को जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन विचारों को साझा किया और दोनों राज्यों के बीच सहयोग और विकास की भावना को दोहराया।

