बिहार विधानसभा चुनाव के बीच बोधगया में पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एनडीए की जबरदस्त जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बार भी सुशासन और विकास के पक्ष में मतदान कर रही है। मतदान के रुझान साफ बता रहे हैं कि एनडीए गठबंधन की स्थिति पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है, और राज्य में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए सरकार बनने जा रही है।
मोहन यादव ने कहा कि जितना मतदान हुआ है, उससे यह साफ है कि एनडीए की बढ़त बरकरार है। बिहार की जनता ने जंगलराज को सिरे से नकार दिया है और विकास के रास्ते को चुना है। उन्होंने जोड़ा – “एक बार फिर बिहार में बहार आएगी, और यह बहार होगी एनडीए की जीत की।”
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने पिछले कुछ वर्षों में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, सड़कों और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नई दिशा हासिल की है। उन्होंने कहा कि एनडीए का लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि बिहार को विकसित भारत का इंजन बनाना है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा कटाक्ष किया। मोहन यादव ने कहा कि “चुनाव के समय राहुल गांधी का छुट्टी पर जाना उनकी राजनीतिक गंभीरता को दर्शाता है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब कांग्रेस को अपने नेता की सबसे ज्यादा जरूरत है, तब राहुल गांधी का गायब रहना यह साबित करता है कि उन्होंने पहले ही अपनी हार मान ली है।
उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “अगर राहुल गांधी मध्य प्रदेश आते हैं तो हम उनका स्वागत करेंगे, क्योंकि हमारी संस्कृति कहती है ‘अतिथि देवो भव:’। लेकिन यह दुर्भाग्य है कि एक राष्ट्रीय पार्टी का नेता अपनी ही पार्टी को लावारिस छोड़ कर छुट्टियां मना रहा है।”
मोहन यादव ने आगे कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अब जनता को भ्रमित नहीं कर पाएंगे। बिहार की जनता अब वादों के खेल को समझ चुकी है। जो वादे कांग्रेस करती है, वो सिर्फ कागजों पर रह जाते हैं। वहीं एनडीए ने जो कहा, वो जमीन पर उतारा है।
उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा, “इस बार का जनादेश एकतरफा होगा। बिहार और मध्य प्रदेश दोनों जगह जनता का मूड साफ है — जनता चाहती है विकास, स्थिरता और मोदी-नीतीश के नेतृत्व में भरोसा।

