मां भारती की रक्षा में मध्यप्रदेश का वीर सपूत शहीद, जम्मू-कश्मीर के डोडा में ग्वालियर के शैलेंद्र भदौरिया ने दिया सर्वोच्च बलिदान

भोपाल। मां भारती की सेवा करते हुए मध्यप्रदेश का एक और लाल अमर हो गया। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में ड्यूटी के दौरान ग्वालियर निवासी भारतीय सेना की 4 आरआर यूनिट में पदस्थ वीर जवान शैलेंद्र सिंह भदौरिया वीरगति को प्राप्त हो गए। देश की सुरक्षा करते हुए उनका यह सर्वोच्च बलिदान पूरे प्रदेश और राष्ट्र के लिए गर्व और साथ ही अपूरणीय क्षति है।

वीर जवान की शहादत की खबर मिलते ही ग्वालियर सहित पूरे मध्यप्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम है और हर दिल उस वीर सपूत को नमन कर रहा है, जिसने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। शैलेंद्र सिंह भदौरिया की वीरता और बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शहीद जवान को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि यह देश और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शहीद को नमन करते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ईश्वर से प्रार्थना की कि पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें और शहीद के परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें। प्रदेश सरकार शहीद परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके बलिदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *