मध्यप्रदेश में SIR के बाद आज जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट, 42 लाख नाम कटे

भोपाल। मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए तैयार की गई फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची आज 21 फरवरी को जारी की जा रही है। चुनाव आयोग का कहना है कि दावा और आपत्ति की पूरी प्रक्रिया के बाद सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया गया है।

एसआईआर के दौरान राज्यभर में 42 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इनमें मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित, डुप्लिकेट और अन्य अयोग्य श्रेणियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं नए नाम जोड़ने के लिए करीब 1 लाख 69 हजार से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से पात्र आवेदकों को अंतिम सूची में शामिल किया गया है।

राजधानी भोपाल में इस पुनरीक्षण का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। यहां की सात विधानसभा सीटों पर बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं। गोविंदपुरा और नरेला क्षेत्रों में सबसे ज्यादा कटौती दर्ज की गई, जबकि भोपाल मध्य, दक्षिण-पश्चिम और हुजूर में भी हजारों नाम सूची से बाहर हुए हैं। बैरसिया क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम प्रभाव बताया जा रहा है।

पूरी प्रक्रिया की शुरुआत दिसंबर 2025 में ड्राफ्ट प्रकाशन से हुई थी, जिसमें बड़ी संख्या में नाम हटाने की पहचान की गई। इसके बाद जनवरी और फरवरी 2026 में दावा-आपत्ति का चरण चला, जहां राजनीतिक दलों और मतदाताओं ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। अब अंतिम सूची का प्रकाशन किया जा रहा है और मतदाता मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम जांच सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *