भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश’ अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। राजधानी भोपाल स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला के दौरान सीएम ने कहा कि ‘VB-G RAM G’ योजना ग्रामोदय से लेकर अभ्युदय तक की सोच को दर्शाती है, जबकि कांग्रेस हमेशा वोटों की लालच में सत्ता हासिल करने के लिए योजनाएं लाती रही है।
सोमवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर ‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।
अपने संबोधन में सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि भाजपा की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की भावना से प्रेरित होती हैं, जबकि कांग्रेस की राजनीति हमेशा तुष्टिकरण और वोट बैंक के इर्द-गिर्द घूमती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता पाने के लिए योजनाएं बनाती थी, न कि समाज के सशक्तिकरण के लिए।
मुख्यमंत्री ने गांधी परिवार पर भी निशाना साधते हुए इंदिरा गांधी की इंटरकास्ट शादी का जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गांधी नाम को भुनाने का काम किया। उन्होंने सवाल उठाया कि महात्मा गांधी का मूल परिवार कहां है। सीएम ने कहा कि जहां भगवान राम का नाम आता है, वहां कांग्रेस को बुखार चढ़ जाता है। नकली गांधी बनकर राम जी को न मानने वाले हमसे सवाल करते हैं।
डॉ मोहन यादव ने आगे कहा कि जब राम मंदिर को लेकर अदालत का फैसला आया, तब मुस्लिम पक्ष भी हमारे साथ था, लेकिन कांग्रेस कहीं नजर नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमिपूजन से लेकर आज तक गांधी परिवार का कोई भी सदस्य राम मंदिर दर्शन के लिए नहीं गया। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बयानबाजी और तेज हो गई है।

