प्रयागराज के संगम तट पर षटतिला एकादशी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व हुजूम उमड़ पड़ा। पवित्र स्नान के लिए तड़के सुबह से ही संगम के सभी घाटों पर श्रद्धालु पहुंचने लगे। सुबह 4 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक करीब 50 लाख से अधिक भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाई और हर ओर हर-हर गंगे के जयकारे गूंजते नजर आए।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए संगम क्षेत्र के सभी घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया गया कि स्नानार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
गौरतलब है कि प्रयागराज में माघ मेले की शुरुआत 3 जनवरी को पौष पूर्णिमा स्नान के साथ हुई थी। कल्पवास के दौरान देश और दुनिया के कोने-कोने से श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाकर माघ मेले में हिस्सा ले रहे हैं। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा वर्ग तड़के सुबह से ही संगम पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
पिछले वर्ष माघ मेला 2024 में इसी पर्व पर करीब 28.95 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था, जबकि इस बार संख्या लगभग तीन गुना तक पहुंच गई है। अनुमानित भारी भीड़ को देखते हुए मेला प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन का मेगा प्लान तैयार किया है। माघ मेला अधिकारी ऋषिराज के अनुसार सुगम यातायात और बेहतर व्यवस्था के लिए इस बार 42 अस्थायी पार्किंग विकसित की गई हैं, जिनमें करीब एक लाख से अधिक वाहनों के खड़े होने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

