BMC चुनाव के लिए महायुति का घोषणापत्र जारी: BEST बसों में महिलाओं को 50% छूट का वादा, मुंबई को रोहिंग्या और बांग्लादेशियों से मुक्त करने का संकल्प दोहराया

मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी चुनाव के लिए महायुति ने रविवार 11 जनवरी 2026 को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया, जिसे मतदान से ठीक चार दिन पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और भारतीय रिपब्लिकन पार्टी (आठवले) के प्रमुख रामदास आठवले की मौजूदगी में पेश किया गया।

महायुति के घोषणापत्र में मुंबई को 2034 तक एक विकसित महानगर बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें बुनियादी ढांचा, पर्यावरण, परिवहन, रोजगार, पर्यटन और मराठी संस्कृति पर विशेष फोकस किया गया है, साथ ही पानी, BEST, बाजार, उद्योग और सांस्कृतिक विकास से जुड़े बड़े ऐलान किए गए हैं।

घोषणापत्र में मुंबई की पानी की समस्या के समाधान के लिए अगले पांच वर्षों में गरगई, पिंजल और दमनगंगा परियोजनाओं को पूरा करने का वादा किया गया है, जबकि पर्यावरण संरक्षण के लिए 17 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की गई है।

बीएमसी मार्केट में मछली विक्रेताओं के लिए कोल्ड स्टोरेज बनाए जाएंगे, सभी सब्जी बाजारों का रेनोवेशन और रीडेवलपमेंट किया जाएगा और मछली इंपोर्ट-एक्सपोर्ट सेंटर स्थापित करने का भी ऐलान किया गया है, जिससे मछुआरों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलने की बात कही गई है।

शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2029 तक BEST को पूरी तरह इलेक्ट्रिक बस सेवा में बदलने का लक्ष्य रखा गया है, BEST बसों की संख्या 5 हजार से बढ़ाकर 10 हजार करने और महिलाओं को 50 प्रतिशत किराया छूट देने का वादा किया गया है।

रोजगार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए स्मॉल स्केल इंडस्ट्री पॉलिसी लागू करने, स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर खोलने और प्यारी बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पांच लाख रुपये तक का बिना ब्याज लोन देने की घोषणा की गई है, साथ ही रीडेवलपमेंट प्रक्रिया में तेजी और पगड़ी मुक्त मुंबई जैसे फैसलों को जल्द लागू करने पर जोर दिया गया है।

घोषणापत्र में मुंबई को रोहिंग्या और बांग्लादेशियों से मुक्त करने का संकल्प दोहराया गया है और मराठी भाषा को मजबूत करने के लिए नगर पालिका में अलग मराठी विभाग, मराठी आर्ट सेंटर और अभ्यासिका बनाने की घोषणा की गई है।

बालासाहेब ठाकरे की जन्म शताब्दी के अवसर पर मराठी युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम और आर्थिक प्रावधान करने की बात कही गई है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अलग टूरिज्म डिपार्टमेंट बनाने, हुतात्मा स्मारक चौक पर वर्ल्ड क्लास म्यूजियम विकसित करने, रवींद्र नाट्य मंदिर की तर्ज पर अन्य थिएटरों के रीडेवलपमेंट और जरूरत पड़ने पर तीन नए थिएटर बनाने का वादा किया गया है, साथ ही 2034 के लिए ‘डेवलप मुंबई’ मास्टर प्लान तैयार करने की घोषणा भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *