भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राजधानी भोपाल में महिला कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रसोई संसद लगाई और हाथों में खाली थाली, गैस चूल्हा, घरेलू गैस सिलेंडर और कढ़ाई लेकर महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की। उनका कहना है कि अगर इस बार रसोई और महिला हितैषी बजट पेश नहीं किया गया तो वित्त मंत्री के निवास का घेराव किया जाएगा।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में महंगाई को लेकर सरकार को घेरा गया। रीना सेतिया ने कहा कि अब तक जितने भी बजट आए हैं, वे न तो महिलाओं के हित में रहे हैं और न ही आम परिवारों के हित में। उन्होंने कहा कि घर चलाने वाली महिलाओं का पूरा गणित बिगड़ चुका है और रसोई का बजट लगातार असंतुलित होता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जो गैस सिलेंडर कभी 400 रुपये में मिलता था, वह अब 1000 रुपये तक पहुंच गया है। आटा, तेल और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें लगातार महंगी होती जा रही हैं, जिससे आम गृहिणी पर सीधा असर पड़ रहा है। महिला कांग्रेस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर बजट में महिलाओं को राहत नहीं मिली तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के घर का घेराव भी किया जाएगा।

