छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। धौर्रा मंदिर आरा मशीन के पास वार्ड नंबर 18 में निर्माणाधीन गेट अचानक गिर गया, जिससे मौके पर काम कर रहे चार मजदूर उसके नीचे दब गए।
इस दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पालिका पर गंभीर आरोप लगाए और निर्माण कार्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार की बात कही। मामले ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने मृतक के परिजनों को रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है, वहीं घायल मजदूरों को 5–5 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है।
प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है, जबकि हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

