सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां छुई मिट्टी की खदान अचानक धंसने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि जिस खदान में यह हादसा हुआ, वह अवैध रूप से संचालित की जा रही थी, जिससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।
यह पूरा मामला जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम हर्राहा परसोहर का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही जियावन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और इस हादसे से जुड़ी जानकारी लगातार अपडेट की जा रही है।

