प्रयागराज में बड़ा हादसा: बीच शहर में क्रैश हुआ ट्रेनी विमान, तालाब में गिरने से मची अफरा-तफरी

प्रयागराज. प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब केपी कॉलेज के पास मेडिकल चौराहे के नजदीक एक ट्रेनी विमान अचानक शहर के बीचोंबीच तालाब में जा गिरा। तेज आवाज सुनते ही आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार यह ट्रेनी विमान उड़ान के दौरान असंतुलित होकर केपी कॉलेज के पास स्थित तालाब में गिर गया। गनीमत रही कि तालाब ज्यादा गहरा नहीं था और उसमें फैली जलकुंभी की वजह से विमान नीचे धंसने से बच गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बिना समय गंवाए रेस्क्यू शुरू किया और विमान में फंसे दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही सेना के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *