रायसेन में बड़ा हादसा: 40 साल पुराना पुल अचानक गिरा, चार लोग गंभीर रूप से घायल

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बरेली क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब बरेली–पिपरिया मार्ग पर स्थित नयागांव का लगभग 40 साल पुराना पुल अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। पुल के नीचे उस समय मरम्मत का काम चल रहा था और ऊपर से दो मोटरसाइकिलें गुजर रही थीं। देखते ही देखते पूरा ढांचा टूटकर नीचे गिर गया और इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सीहोर जिले के जैत गांव के दो लोग और बरेली के धोखेड़ा गांव के दो लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को बरेली सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भोपाल रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर लगते ही बरेली थाना प्रभारी, एसडीओपी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू करा दिया। पुल गिरने से बरेली–पिपरिया मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है और यातायात को वैकल्पिक मार्ग से चलाने की कोशिश की जा रही है।

इस पूरे मामले पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री और रायसेन जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हादसे की पूरी जानकारी उन्हें मिल गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घायलों को हर संभव उपचार मुहैया कराया जाएगा और पूरी घटना की जांच कराई जाएगी। अगर किसी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस वक्त प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर तैनात है और स्थिति पर नजर रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *