शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले अवैध कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने एक संगठित नशा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दुर्गा कॉलोनी स्थित टेक्निकल ग्राउंड के पास रहने वाली कथित लेडी ड्रग पेडलर शबनम बी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 730 नग ऑनरेक्स कफ सिरप जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। इसे जिले में नशे के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक शबनम बी पहले भी अवैध नशा कारोबार के मामलों में संलिप्त पाई जा चुकी है। लगातार सूचना मिल रही थी कि वह बाहरी राज्यों से नशीली सामग्री मंगवाकर जिला मुख्यालय में युवाओं के बीच सप्लाई कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने सुनियोजित तरीके से दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई के दौरान एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का भी खुलासा हुआ है। गिरोह में बंटी, उसका बेटा, दामाद और अंतरराज्यीय तस्कर रमेश जायसवाल समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य पांच संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।
कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में यह बड़ी कार्रवाई की गई है। 730 ऑनरेक्स सिरप जब्त कर एक महिला को गिरफ्तार किया गया है और पांच अन्य के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

